ग्वालियर में खूंखार सांड का आतंक: बच्चों के साथ जा रही महिला को 50 सेकंड तक कुचला...
ग्वालियर शहर में आवारा मवेशियों का आतंक अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगा है। मानपुर स्थित पीएम आवास फेस-1 में एक महिला अपने बच्चों के साथ पैदल जा रही थी, तभी अचानक एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड ने महिला को जमीन पर गिराकर करीब 50 सेकंड तक पैरों से कुचलता रहा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और काफी मशक्कत के बाद सांड को भगाकर उसकी जान बचाई। इस हमले में महिला घायल हो गई। पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम की मवेशी नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि दीपावली के दौरान पटाखों की आवाज से घबराए मवेशी और अधिक आक्रामक हो जाते हैं। उन्होंने नगर निगम से शहर की सड़कों और रिहायशी इलाकों में घूम रहे आवारा सांडों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है।