सरदार पटेल ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में निभाई ऐतिहासिक भूमिका
--------------------
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को किया रवाना
---------------------
उज्जैन, 31 अक्टूबर। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। एकता, अखंडता और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पुलिस बल तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के समन्वय से 3 से 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया।
दशहरा मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री संजय अग्रवाल, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में दिए गए अतुल्यनीय योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेकर हमें एकजुटता के साथ रहना चाहिए, सभी के प्रति सद्भाव की भावना रखते हुए राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देना चाहिए। अतिथियों ने सरदार पटेल के देशसेवा के लिए किए गए कार्यों को रेखांकित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रन फॉर यूनिटी को रवाना किया। एकता दौड़ दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर यूपीएस स्कूल तिराहा, तीन बत्ती चौराहा, इंदिरा गांधी प्रतिमा, टॉवर चौक, शहीद पार्क, घास मंडी चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम और सुराना पैलेस होते हुए वापस दशहरा मैदान पहुंची, जहां दौड़ का समापन हुआ।
राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई
--------------------
कार्यक्रम के दौरान एडीजी श्री राकेश गुप्ता ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया—“मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं।”
Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Ujjain CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Ujjain Commissioner
3 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026