सिंहस्थ-2028 नियमित निरीक्षण-103
---------------
सिंहस्थ के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं साथ ही आमजन की सुविधा का रखें ध्यान-कलेक्टर श्री सिंह
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का किया निरीक्षण, परिवर्तित मार्ग के संकेतक लगाने और चरणबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
उज्जैन, 31 अक्टूबर। सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत शहर में चल रहे मार्ग चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों को गति देने के साथ ही आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने दिए। शनिवार को कलेक्टर श्री सिंह ने शहरी क्षेत्र में निर्माणाधीन विभिन्न मार्गों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के कारण आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यस्थल पर परिवर्तित मार्ग के स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन के वैकल्पिक मार्ग की जानकारी आसानी से मिल सके। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि मार्ग निर्माण का कार्य एक ओर से पूर्ण करने के बाद ही दूसरी ओर कार्य प्रारंभ किया जाए, जिससे मार्ग को पूरी तरह बंद करने की स्थिति निर्मित न हो और यातायात सुचारु बना रहे। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती नेहा जैन भी मौजूद रहीं।
नियमित निरीक्षण के तहत कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम के माध्यम से नीलकंठ द्वार से महाकाल मंदिर चौराहा तक किए जा रहे 400 मीटर लंबे एवं 24 मीटर चौड़े मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही चौबीस खंबा से हरसिद्धि की पाल तक 600 मीटर लंबे एवं 18 मीटर चौड़े, गुदरी चौराहा से हरसिद्धि की पाल तक 450 मीटर लंबे एवं 15 मीटर चौड़े, हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक 250 मीटर लंबे एवं 18 मीटर चौड़े तथा रामानुजकोट से दानीगेट तक 450 मीटर लंबे एवं 18 मीटर चौड़े मार्ग के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। कलेक्टर श्री सिंह ने स्मार्ट सिटी के माध्यम से निर्माणाधीन महाराजवाड़ा से चौबीस खंबा तक मार्ग के कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही बंबईवालों की धर्मशाला में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की। मार्ग चौड़ीकरण कार्यों के दौरान कलेक्टर ने डिवाइडर में प्लांटेशन करने तथा बिल्डिंग लाइन का कार्य पूर्ण होने के बाद नाली निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि नाली निर्माण के लिए प्रीकास्ट सामग्री उपलब्ध नही हो तो आरसीसी से नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्मार्ट सिटी के महाराजवाड़ा से चौबीस खंबा की ओर आ रहे मार्ग के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चौराहे की बेहतर प्लानिंग करने तथा पुरानी दीवार की सुरक्षा के लिए गेबियन वॉल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रामानुजकोट तिराहे पर सीवरेज व्यवस्था की जानकारी भी इंजीनियरों से ली।बंबईवालों की धर्मशाला में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सभी निर्माण कार्यों को तेज गति से गुणवत्तापूर्ण के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर सहित नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अधिकारी, इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Collector Office Ujjain Ujjain Commissioner Simhasth2028 SmartCity Dr Mohan Yadav Department of Urban Development & Housing MP
21 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026