जमुई: ग्राहक ने खरीदा iPhone, दिया साइबर फ्रॉड का 83, 500 रुपया
शहर के महाराजगंज स्थित मोबाइल म्यूजियम एंड लैपटॉप गैलरी की दुकान से ग्राहक द्वारा iPhone खरीद कर 83, 500 रुपया बारकोड के माध्यम से साइबर फ्रॉड का पैसा भेजने के बाद दुकानदार दीपक कुमार भगत का खाता फ्रीज होने और दिल्ली पुलिस द्वारा नोटिस भेजने का मामला प्रकाश में आया है। मामले को लेकर पीड़ित दुकानदार द्वारा साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। इसका वीडियो शुक्रवार की शाम 4:00 बजे सामने आया है। हालांकि साइबर फ्रॉड का पैसा भेजने वाले युवकों की लाइव तस्वीर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में ग्राहक दूकान पर पहुंचते हैं, मोबाइल पसंद करते और भुगतान की प्रक्रिया करते नजर आ रहे हैं। यही सीसीटीवी फुटेज अब दुकानदार के लिए सबसे अहम सबूत बना हुआ है।
मोबाइल दुकान के संचालक दीपक कुमार भगत ने बताया कि 3 जुलाई को तीन ग्राहक उनकी दुकान पर iPhone 17 खरीदने पहुंचे थे। मोबाइल की कीमत ₹83,500 थी। ग्राहकों ने कहा कि वे इतनी बड़ी रकम ऑनलाइन UPI के माध्यम से भुगतान करेंगे। QR कोड के जरिए भुगतान किया गया और उनके खाते में रकम आने के बाद उन्होंने ग्राहकों को मोबाइल सौंप दिया।
दीपक के मुताबिक, उन्हें उस समय किसी तरह का शक नहीं हुआ, क्योंकि उनके बैंक खाते में ₹83,500 की रकम क्रेडिट हो चुकी थी। लेकिन उसी रात उनका बैंक खाता फ्रीज हो गया। अगले दिन बैंक पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उनके खाते में आई ₹83,500 की रकम साइबर फ्रॉड से संबंधित है।
दुकानदार ने बताया कि उन्होंने बैंक अधिकारियों को पूरी जानकारी दी और तत्काल मामले की सूचना साइबर थाना पुलिस को भी दी। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से शुरुआती तौर पर बताया गया था कि साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम जल्द रिफंड हो जाएगी।
हालांकि, अब उनकी परेशानी और बढ़ गई है। दीपक के अनुसार, उन्हें दिल्ली पुलिस की ओर से लगातार फोन और व्हाट्सएप कॉल आ रहे हैं। उन्हें दिल्ली आकर मामले में शामिल होने के लिए कहा जा रहा है। उनका कहना है कि दिल्ली जाना उनके लिए मुश्किल है, क्योंकि इससे दुकान बंद रखनी पड़ेगी। इस संबंध में उन्हें एक नोटिस भी मिलने की बात कही गई है।
दुकानदार के अनुसार, उन्हें 4 सितंबर तक दिल्ली नहीं पहुंचने पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात कही गई है। इसे लेकर वह काफी परेशान हैं और चाहते हैं कि CCTV फुटेज, बैंक ट्रांजेक्शन और पूरे घटनाक्रम की जांच कर वास्तविक साइबर ठगों तक पुलिस पहुंचे।
मामले में साइबर थाना डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच के बाद जल्द ही मामले का समाधान निकाल लिया जाएगा। #crime #cybercrime #jamuibihar #jamuitopnews #jamuiPolice
Jamui, Jamui | Sep 5, 2026