पवाणी अग्निकांड: आग ने उजाड़ दिए 58 परिवारों के आशियाने, अन्न भंडार और पशुचारा भी जलकर राख!
सर्दियों के लिए जुटाई वर्षों की जमा पूंजी पलभर में स्वाहा, खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हुए ग्रामीण।
उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के सीमांत गांव पवाणी में हुए भीषण अग्निकांड ने 58 परिवारों की खुशियां और जीवनभर की मेहनत को राख में तब्दील कर दिया। आग ने केवल मकानों को ही नहीं जलाया, बल्कि ग्रामीणों के घरों में सर्दियों के लिए जुटाकर रखा गया अनाज, घरेलू सामान और मवेशियों के लिए एकत्र किया गया पशुचारा भी पूरी तरह नष्ट कर दिया।
ग्रामीणों ने कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से पहले पूरे शीतकाल की तैयारी कर रखी थी। महीनों की मेहनत से जुटाया गया खाद्यान्न और वर्षों की जमा पूंजी पलभर में आग की भेंट चढ़ गई।
अग्निकांड के बाद 58 परिवारों के सामने सिर छिपाने की जगह, दो वक्त की रोटी और बेजुबान पशुओं के चारे तक का संकट खड़ा हो गया है। बेघर हुए प्रभावित परिवारों ने रोते-बिलखते खुले आसमान के नीचे रात गुजारी। सीमांत क्षेत्र में सर्दियों की दस्तक के बीच इन परिवारों का भविष्य बेहद कठिन नजर आ रहा है।
यह सिर्फ मकानों के जलने की घटना नहीं, बल्कि 58 परिवारों के सपनों, मेहनत और वर्षों की कमाई के उजड़ने की दर्दनाक दास्तां है।
अब जरूरत है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आश्रय, खाद्यान्न, गर्म कपड़े और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस भीषण आपदा से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिल सके।
पवाणी के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए समाज और शासन-प्रशासन को आगे आने की जरूरत है।
#पवाणी_अग्निकांड #उत्तरकाशी #मोरी #58परिवार_प्रभावित #UttarkashiFire #HumanityFirst #उत्तराखंड