उत्तरकाशी के पंवाणी में अग्निकांड से 33 आवासीय भवन राख, 58 परिवार प्रभावित,
एक पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी पूरी तरह जले, रात 9:16 बजे आग पर पाया गया काबू,,
उत्तरकाशी जिले के मोरी तहसील के सीमांत गांव पंवाणी में भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आकर 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जबकि एक पंचायत भवन और एक प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम को पंवाणी गांव में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। आग तेजी से फैलने के कारण कई आवासीय भवन इसकी चपेट में आ गए। आग पर करीब रात 9:16 बजे काबू पाया गया। घटना में एक व्यक्ति के चोटिल होने की सूचना रिपोर्ट में दर्ज है, जबकि पशुहानि की जानकारी नहीं मिली है।
घटनास्थल सड़क मार्ग से करीब 300 से 400 मीटर दूर होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौती रही। क्षेत्र में नेटवर्क सुविधा नहीं होने के चलते संपर्क स्थापित करने में भी दिक्कतें सामने आईं। मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय ग्रामीण, राजस्व टीम, चिकित्सक, पशु चिकित्सकीय टीम और 108 एंबुलेंस को तैनात किया गया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रभावित परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सामान की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावितों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक मरम्मत सामग्री की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं। राहत शिविर स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।