दोपहिया पर पीछे बैठने वाले भी पहनें हेलमेट, श्रीनगर में चला जागरूकता अभियान
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को समझाया सुरक्षा का महत्व, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और दोपहिया वाहन सवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस का ‘दो सवार, दो हेलमेट’ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को श्रीनगर में ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज नीरज शर्मा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ ही पीछे बैठने वाले लोगों को भी हेलमेट पहनने के प्रति जागरूक किया।
पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को बताया कि दोपहिया वाहन पर सफर करते समय केवल चालक का हेलमेट पहनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। अक्सर लोग पीछे बैठते समय हेलमेट पहनने में लापरवाही बरतते हैं, जबकि सड़क दुर्घटना होने पर उन्हें भी गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। हेलमेट सिर को गंभीर चोटों से बचाने के साथ ही जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जागरूकता के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन पर यात्रा करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। छोटी हो या लंबी, हर यात्रा में सुरक्षा को प्राथमिकता दें।