घाटकुसुभा के हरोहर नदी घाट पर भव्य गंगा आरती महोत्सव का आयोजन, जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों से नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने की अपील की।
आज दिनांक 04 नवंबर 2026 को घाटकुसुम्भा प्रखंड अंतर्गत हरोहर नदी के घाट पर गंगा आरती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री ललन प्रसाद, माननीय विधान परिषद् बिहार पटना और श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम में शामिल होकर विधिवत गंगा आरती में भाग लिया। महोत्सव के दौरान श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हरोहर नदी के धार्मिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि घाटकुसुम्भा की इस पावन धरती पर आकर गंगा आरती महोत्सव में शामिल होने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी सभ्यता, संस्कृति और जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। इनकी स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला पदाधिकारी महोदय ने स्थानीय ग्रामीणों से विशेष रूप से अपील की कि हरोहर नदी एवं उसके घाटों को हमेशा साफ-सुथरा रखें। नदी में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थ नहीं डालें। नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जब आम नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या एवं सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाएंगे, तभी स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव हो सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से नदी और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण में बढ़-चढ़कर योगदान देने का आह्वान किया। जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जा सकता है। गंगा आरती महोत्सव जैसे आयोजन न केवल हमारी आस्था और परंपराओं को मजबूत करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भी नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उक्त अवसर पर माननीय विधान पार्षद श्री ललन प्रसाद, अपर समाहर्ता (जांच), वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं घाटकुसुम्भा प्रखंड के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से हरोहर नदी के संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।