पीएम राहत योजना के क्रियान्वयन में शेखपुरा की बड़ी उपलब्धि, बिहार में पहली बार eDAR Victim ID को TMS से लिंक कर सफलतापूर्वक प्राप्त हुआ प्री-अप्रूवल।
प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन की दिशा में शेखपुरा जिले ने एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिले में पहली बार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों के कैशलेस उपचार के लिए eDAR Victim ID को TMS ID से सफलतापूर्वक लिंक कर प्री-अप्रूवल प्राप्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल शेखपुरा जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं आर्थिक रूप से राहतपूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मुरारपुर मोड़ के समीप हुई सड़क दुर्घटना में धनंजय कुमार, शिवम मांझी एवं सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, शेखपुरा में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई की गई, ताकि घायलों को प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत कैशलेस उपचार का लाभ दिलाया जा सके।
इस क्रम में DRM NIC मंटू कुमार एवं टाउन थाना के थानाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रियाओं के उपरांत सड़क दुर्घटना की Accident ID तैयार की गई। इसके बाद दुर्घटना में घायल तीनों पीड़ितों का आवश्यक विवरण संबंधित पोर्टल पर दर्ज करते हुए उनकी eDAR Victim ID तैयार की गई। योजना के प्रावधानों के अनुरूप eDAR Victim ID को TMS ID से सफलतापूर्वक लिंक किया गया, जिसके फलस्वरूप उपचार के लिए प्री-अप्रूवल प्राप्त हुआ।
इस पूरी प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संपन्न होने से शेखपुरा जिले में पहली बार प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार की व्यवस्था को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने में सफलता मिली है। इससे दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को उपचार के दौरान आर्थिक सहायता एवं समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल को बल मिला है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीमती बेबी कुमारी, DRM NIC मंटू कुमार, पुलिस प्रशासन एवं DPC आयुष्मान भारत की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी सहयोग तथा त्वरित कार्रवाई के कारण यह सफलता संभव हो सकी।
प्रधानमंत्री राहत योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल पीड़ितों को समय पर कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना है, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी घायल व्यक्ति के उपचार में बाधा उत्पन्न नहीं हो। शेखपुरा जिले में eDAR Victim ID और TMS ID को सफलतापूर्वक लिंक कर प्री-अप्रूवल प्राप्त होना इस दिशा में जिला प्रशासन की सक्रियता एवं संवेदनशीलता को दर्शाता है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, NIC एवं आयुष्मान भारत की संयुक्त कार्यकुशलता और विभागीय समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही यह भी स्पष्ट करता है कि तकनीक आधारित व्यवस्था एवं आपसी तालमेल के माध्यम से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। शेखपुरा जिले की यह पहल भविष्य में अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।