वृन्दावन में भू-माफिया के फर्जी वंशावली के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल, बंदोबस्त कार्यालय को सौंपा ज्ञापन।
शेखपुरा जिले के वृन्दावन मौजा में भू-माफियाओं द्वारा फर्जी वंशावली बनाकर किसानों की रैयती जमीन हड़पने की कोशिश के खिलाफ आज दर्जनों किसानों ने बंदोबस्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
किसानों ने बंदोबस्त पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि फर्जी तरीके से दी गई आपत्ति को तुरंत खारिज किया जाए और किसानों का खाता यथावत रखा जाए। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा-माले (लिबरेशन) के नेता कामरेड कमलेश प्रसाद ने किया।
मौके पर मौजूद किसान: नरेश मिस्त्री, शंकर राम, अंबिका राम, संजय शर्मा, शुभंश मिस्त्री, अमरजीत महतो, सतीश शर्मा, मुन्ना चौहान, इन्द्रदेव मिस्त्री, मनोज महतो सहित दर्जनों किसान।
कमलेश प्रसाद ने कहा
हमारे मौजा वृन्दावन में भू-माफिया उत्तम कुमार, अनुज राय, किशोरी चौहान, जितेंद्र चौहान और उनके सहयोगियों ने साजिश के तहत फर्जी वंशावली बनाई है। इस फर्जी वंशावली के आधार पर वृन्दावन, माहौत, लक्ष्मीपुर, रंका, तेजाबीघा, धर्मपुर के सैकड़ों किसानों के खिलाफ प्रपत्र-21 फॉर्म भरकर बंदोबस्त कार्यालय में गलत आपत्ति दर्ज कराई है।"
किसानों ने संयुक्त रूप से कहा कि जब से जमीन सर्वे शुरू हुआ है, ये भू-माफिया लगातार परेशान कर रहे हैं। फर्जी वंशावली बनाकर दर्जनों किसानों की रैयती जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई है, जबकि प्रभावित किसान सैकड़ों वर्षों से अपनी जमीन पर शांतिपूर्ण तरीके से जोत-आबाद करते आ रहे हैं।
भाकपा-माले ने चेतावनी दी है कि अगर फर्जी आपत्ति को रद्द नहीं किया गया तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।