पेपरलेस निबंधन व्यवस्था पारदर्शी, सुलभ और युवा-अनुकूल भविष्य का आधार: डीएम
जमुई। जिला निबंधन कार्यालय के तत्वावधान में शनिवार को स्थानीय रावणेश्वर हॉल में पेपरलेस निबंधन जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था पारदर्शी, सुलभ और युवा-अनुकूल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है और बिहार की करीब 40 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग की है। ऐसे में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को डिजिटल युग और युवाओं की जरूरतों के अनुरूप बनाना आवश्यक है।
डीएम ने कहा कि भूमि क्रय-विक्रय में जमाबंदी संख्या, खाता, खेसरा, रकबा और चौहद्दी जैसे आवश्यक तथ्यों को प्राथमिकता देकर प्रक्रिया को सरल बनाया जा रहा है। नई व्यवस्था से अनावश्यक कागजी कार्रवाई कम होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
जिला अवर निबंधक विनीत कुमार ने बताया कि नागरिक स्वयं या सेवा प्रदाता के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर निबंधन करा सकते हैं। निबंधन के बाद दस्तावेज की रंगीन डिजिटल प्रति उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली सुरक्षित है और फर्जी रजिस्ट्री की संभावना को समाप्त करती है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, मीडिया कर्मी, प्रबुद्ध नागरिक और सेवा प्रदाता उपस्थित रहे। समापन पर अवर निबंधक चकाई नवलेश कुमार रजक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
Jamui, Jamui | Aug 29, 2026