*भागलपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित*
आज दिनांक 18.11.2026 को अपराह्न 04:00 बजे आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल-सह-अध्यक्ष, जिला भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की अध्यक्षता में भागलपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप पर हितधारकों के साथ परामर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य भागलपुर शहर के सुनियोजित, समावेशी, संतुलित एवं सतत विकास को सुनिश्चित करने हेतु तैयार मास्टर प्लान के प्रारूप पर विभिन्न हितधारकों से सुझाव एवं विचार प्राप्त करना था।
बैठक में जिलाधिकारी, भागलपुर-सह-उपाध्यक्ष, जिला भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार, माननीय महापौर, नगर निगम भागलपुर, नगर आयुक्त, नगर निगम भागलपुर-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, भागलपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार सहित प्राधिकार के अन्य माननीय सदस्य, विभिन्न सरकारी विभागों, नगर निकायों, सार्वजनिक संस्थानों, व्यावसायिक संगठनों, विशेषज्ञों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान भागलपुर मास्टर प्लान-2047 के प्रारूप का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें प्रस्तावित भू-उपयोग योजना, परिवहन एवं यातायात व्यवस्था, आधारभूत संरचना, आवास, सार्वजनिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य में शहर के नियोजित विस्तार से संबंधित प्रमुख प्रस्तावों की जानकारी दी गई।
हितधारकों द्वारा शहर की वर्तमान समस्याओं एवं भविष्य की विकास आवश्यकताओं के संबंध में अपने सुझाव एवं विचार साझा किए गए। चर्चा के दौरान शहरी आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, बेहतर यातायात एवं संपर्क व्यवस्था, अनियोजित शहरी विस्तार पर नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा संतुलित क्षेत्रीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा तथा उपयुक्त सुझावों को मास्टर प्लान के अंतिम प्रारूप में समाहित करने पर विचार किया जाएगा।
भागलपुर मास्टर प्लान-2047 का उद्देश्य शहर के दीर्घकालिक विकास हेतु एक व्यापक एवं दूरदर्शी नियोजन ढांचा तैयार करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर, गुणवत्तापूर्ण शहरी सुविधाएं, आर्थिक अवसर तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary