सिनेमा के माध्यम से सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों पर संवाद: एक दिवसीय फिल्म प्रदर्शन एवं चर्चा कार्यक्रम
Kullu Times
राजकीय महाविद्यालय पनारसा द्वारा IQAC के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू एवं राजकीय महाविद्यालय हरिपुर मनाली के साथ हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत 21 नवंबर 2026 को एक दिवसीय फिल्म प्रदर्शन एवं चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जूस (Juice), लिटिल टेररिस्ट (Little Terrorist) तथा कार्बन (Carbon) नामक तीन लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से विद्यार्थियों में समकालीन सामाजिक एवं पर्यावरणीय मुद्दों पर सार्थक संवाद और चिंतन को प्रोत्साहित करना था। फिल्मों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक असमानता तथा भौगोलिक, सामाजिक एवं वैचारिक सीमाओं द्वारा लोगों के बीच उत्पन्न विभाजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया गया। फिल्म प्रदर्शन के उपरांत आयोजित चर्चा में विद्यार्थियों ने अपने विचार एवं दृष्टिकोण साझा किए तथा फिल्मों में निहित सामाजिक संदेशों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के लगभग 20, राजकीय महाविद्यालय हरिपुर मनाली के 10 तथा राजकीय महाविद्यालय पनारसा के 30 विद्यार्थियों ने अपने-अपने महाविद्यालयों के प्राध्यापकों के साथ सहभागिता की। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी संवाद, विचारों के आदान-प्रदान तथा सामूहिक अधिगम का एक सार्थक मंच प्रदान किया। साथ ही, इसने तीनों महाविद्यालयों के मध्य MoU के अंतर्गत शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उर्सेम लता ने चर्चा में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने बहुमूल्य विचार साझा करने के लिए विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक संवेदनशीलता, आलोचनात्मक चिंतन एवं व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Kullu, Kullu | Nov 21, 2026