ऑपरेशन सिंदूर पर की गई टिप्पणी का भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने किया कड़ा विरोध एवं खंडन : हीरा लाल ठाकुर
भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश सह-संयोजक एवं पूर्व सैनिक श्री हीरा लाल ठाकुर ने विधानसभा में प्रदेश के बागवानी मंत्री द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी कि “ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के नहीं, बल्कि भारत के छक्के छूटे हैं” पर गहरी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और पराक्रम का अपमान है, बल्कि इससे देश के सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की भावनाओं को भी ठेस पहुँचती है। भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ इस बयान का कड़ा विरोध एवं खंडन करता है।
श्री ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सशस्त्र बलों के साहस, शौर्य, सामर्थ्य, पेशेवर दक्षता और सटीक सैन्य रणनीति का महत्वपूर्ण उदाहरण है। 7 मई 2025 को भारतीय सशस्त्र बलों ने पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित नौ आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर सटीक कार्रवाई की थी।
श्री हीरा लाल ठाकुर ने कहा कि देश की सुरक्षा, सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रीय हितों से जुड़े संवेदनशील विषयों पर सार्वजनिक मंचों से टिप्पणी करते समय तथ्यों की पूरी जानकारी रखना अत्यंत आवश्यक है। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन हमें राजनीति से ऊपर उठकर भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और उपलब्धियों का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय पूर्व सैनिकों ने अपने जीवन के अमूल्य वर्ष देश की सीमाओं की रक्षा में समर्पित किए हैं। सैनिकों के लिए राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होता है। ऐसे में जब सेना के शौर्य और उसके अभियानों को लेकर इस प्रकार की टिप्पणियाँ सामने आती हैं, तो प्रत्येक पूर्व सैनिक के मन को गहरी पीड़ा पहुँचती है।
श्री ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय सेना का सम्मान किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव, स्वाभिमान और सम्मान का विषय है। सेना के शौर्य पर राजनीति नहीं, बल्कि पूरे देश को गर्व होना चाहिए।
“उन्होंने कहा कि इस अभद्र टिप्पणी पर मंत्री जी को सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगनी चाहिए।”
जय हिन्द! जय भारत! 🇮🇳
Kullu, Kullu | Nov 20, 2026