पेंशनधारियों के खाते में सरकार ने भेजे 12.80 करोड़, 1.08 लाख लाभुकों को मिला सीधा लाभ
लखीसराय। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत गुरुवार को जिले के 1,08,431 पेंशनधारियों के बैंक खातों में 12 करोड़ 80 लाख 66 हजार 200 रुपये की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री बिहार श्री सम्राट चौधरी ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान पेंशन राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पदाधिकारियों, कर्मियों एवं पेंशनधारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने पेंशनधारियों से राशि का सदुपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का उद्देश्य जरूरतमंद लाभुकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।