आंगनबाड़ी केंद्र में सखी वार्ता, महिलाओं को सरकारी योजनाओं व बाल विवाह के प्रति किया जागरूक
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से सदर परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 109 में सखी वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वंचित, पीड़ित एवं शोषित महिलाओं को सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं को मिशन शक्ति के विभिन्न घटकों वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया।उन्होंने पोषण माह के संबंध में बताया कि 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक पोषण माह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सही पोषण, उचित देखभाल एवं स्वस्थ मातृत्व के माध्यम से सुपोषित भारत की संकल्पना को साकार करना है। उन्होंने जीवन के प्रथम हजार दिनों को बच्चों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने उपस्थित महिलाओं एवं लोगों को बाल विवाह नहीं करने और न होने देने की सामूहिक शपथ दिलाई। शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने कहा कि सखी वार्ता के माध्यम से अंतिम पायदान तक पहुंची महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों की जानकारी देना उद्देश्य है।मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, आंगनबाड़ी सेविका रूबी रानी, सहायिका रेखा देवी सहित सरिता देवी, बिंदु देवी, कुमकुम देवी, रीता देवी समेत दर्जनों महिलाएं मौजूद थीं। धन्यवाद ज्ञापन सेविका रूबी रानी ने किया।