रोहतास जिले के उच्च माध्यमिक विद्यालय भैसहीं के पूर्ववर्ती छात्रों द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं पठन-पाठन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कम्प्यूटर, इन्वर्टर, प्रिंटर, हैंडपंप सहित लाखों रुपये की आवश्यक सामग्री भेंट की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पदाधिकारी, रोहतास ने ग्रामीणों एवं पूर्ववर्ती छात्रों की पहल की सराहना की। उन्होंने इस कार्य में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में सहयोग की यह परंपरा पुनः मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सक्षम पूर्ववर्ती छात्रों को अपने विद्यालय के विकास में योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए। भैसहीं की यह पहल जिले के अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय है।
इस अवसर पर विद्यालय के लिए सामग्री उपलब्ध कराने वाले रामाकांत राय, ब्रजेश राय, करन कुमार गोलू, लक्ष्मण राय एवं कुशनाथ राय सहित अन्य सहयोगियों को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों में कई ऐसे लोग होते हैं, जिनके छोटे-छोटे सहयोग से वर्तमान छात्र-छात्राओं को बड़ी सुविधा मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का जिला पदाधिकारी ने अवलोकन कर सराहना की। धन्यवाद ज्ञापन मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने किया।
#IPRD
#BiharEducationDepartment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 27, 2026