लिल्ह कॉलेज विवाद सुलझा, अननेहर-उलैणी सड़क का काम कल से शुरू करने के निर्देश
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो लिल्ह/भरमौर।
विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान एपीएमसी चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गवर्नमेंट मॉडल डिग्री कॉलेज लिल्ह के भवन निर्माण के दौरान स्थानीय घराट मालिकों के साथ चल रहे विवाद को लेकर संबंधित लोगों से लंबी चर्चा की। उन्होंने सभी पक्षों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से विवाद का समाधान करवाया।
ललित ठाकुर ने बताया कि कॉलेज भवन निर्माण को लेकर काफी समय से यह मामला चला आ रहा था। सभी पक्षों से विस्तारपूर्वक बातचीत के बाद आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया गया है। इसके बाद कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न विषयों को लेकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न मुद्दों पर उनके साथ संवाद किया।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत प्रीना के अंतर्गत खुंडी माता महिला मंडल रैना की पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात की। महिला मंडल की महिलाओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से उन्हें अवगत करवाया। ललित ठाकुर ने कहा कि महिलाओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना गया है और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, ग्राम पंचायत गाण के अंतर्गत अननेहर से उलैणी सड़क निर्माण कार्य के आरंभ होने वाले स्थान का भी उन्होंने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए काफी समय पहले बजट का प्रावधान करवाकर विभाग द्वारा कार्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया गया था, लेकिन कुछ कारणों से कार्य शुरू नहीं हो पाया। इस मामले में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण का कार्य हर हाल में सोमवार सुबह से शुरू किया जाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सोमवार सुबह से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और इसके लिए ग्राम पंचायत गाण की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्य आगे बढ़ने के साथ सरकार के माध्यम से अतिरिक्त बजट स्वीकृत करवाकर सड़क निर्माण को और गति देने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान ग्राम पंचायत गाण के डिगेड वार्ड से आए प्रतिनिधिमंडल ने भी ललित ठाकुर से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
ललित ठाकुर ने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना, विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेना और समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।