होली से गौरीकुंड हेलिकॉप्टर शटल सेवा के लिए ऑनलाइन साथ अब ऑफलाइन टिकट बुकिंग के जारिए भी यात्रा पर जा सकेंगे श्रद्धालु
ऑनलाइन बुकिंग वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी प्राथमिकता, ऑफलाइन टिकट वास्तविक उपलब्ध सीटों के आधार पर
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर:
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने होली से गौरीकुंड तक संचालित हेलिकॉप्टर शटल सेवा के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर हेलिकॉप्टर सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी।
इसके बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर ऑफलाइन टिकट बुक करने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रशासन द्वारा तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में ऑफलाइन टिकट बुकिंग प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन टिकट केवल वास्तविक रूप से उपलब्ध सीटों के आधार पर ही आवंटित किए जाएंगे तथा किसी भी स्थिति में ओवरबुकिंग नहीं की जाएगी। संबंधित हेलिकॉप्टर ऑपरेटर द्वारा प्रत्येक ऑफलाइन बुकिंग का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा और यात्रियों को निर्धारित किराये पर टिकट अथवा रसीद उपलब्ध करवाई जाएगी।
यात्रियों से निर्धारित किराये के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि वसूल नहीं की जाएगी। प्रशासन ने ऑफलाइन टिकट आवंटन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही है।
किसी भी प्रकार की सिफारिश, प्रभाव, अनधिकृत टिकट हस्तांतरण अथवा टिकटों की पुनर्विक्रय और कालाबाजारी की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने बताया कि ऑफलाइन टिकट बुकिंग सुविधा मुख्य रूप से उन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाई गई है, जो किसी कारणवश ऑनलाइन माध्यम से टिकट बुक नहीं कर पा रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग वाले यात्रियों को प्राथमिकता देने के बाद उपलब्ध सीटों के अनुसार ही ऑफलाइन यात्रियों को हेलिकॉप्टर सेवा प्रदान की जाएगी।
प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।