पिपरा देवस दुर्गा मंदिर में 41वें भगवती महोत्सव की धूम, कोलकाता के कारीगरों ने बनाया भव्य पंडाल
रात 10 बजे खुलेगा मां भगवती का पट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी से निगरानी
बीहट/बेगूसराय। संवाददाता मुकेश कुमार। पिपरा देवस स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर में 41वें भव्य भगवती महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भव्य पंडाल और शानदार सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पंडाल का निर्माण कोलकाता से आए कुशल कारीगरों द्वारा किया गया है।
महोत्सव की भव्यता बढ़ाने के लिए आकर्षक सजावट और टेंट की व्यवस्था बमबम कुमार एवं बमबम टेंट हाउस की ओर से की गई है। मां भगवती के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
महाअष्टमी पर हुई विशेष पूजा-अर्चना
नवरात्र के आठवें दिन महाअष्टमी के अवसर पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। रविवार की संध्या आयोजित भव्य जागरण में भक्तिमय गीतों और मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं, आयोजन समिति के अनुसार, रविवार की रात 10 बजे मां भगवती का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाएगा। इसके बाद भक्त कतारबद्ध होकर मां के दर्शन कर सकेंगे।
वैदिक अनुष्ठान के आचार्य निकेश झा के मार्गदर्शन में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं। वैदिक अनुज तिवारी तथा पुजारी आदित्य कुमार उर्फ बाबू साहब पूजा-अर्चना की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
मेला समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। समिति ने बताया कि आयोजन के दौरान सरकार और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है।
समिति के सदस्यों का मिल रहा सहयोग
नव दुर्गा संघ पिपरा देवस के अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव को सफल बनाने में पिपरा देवस, हाजीपुर, मालती, असुरारी और ठोकरी चौक के पुराने एवं नए सदस्यों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।
आयोजन में सचिव सोनू कुमार, उपमुखिया प्रवीण कुमार, अभिषेक कुमार, कन्हैया शर्मा, दिनेश शर्मा, सनी शर्मा, प्रवीण कुमार उर्फ संतोष कुमार, डॉ. अशोक सिंह, हरिनंदन सिंह उर्फ हरि जी, शिक्षक नेता रवि कुमार, बमबम कुमार, राहुल कुमार, सरदार राहुल कुमार, गौरव कुमार, दीपक सिंह, ऋषभ कुमार, खगेश कुमार, अंकुश कुमार, रमेश कुमार, संजीव कुमार राज, राम निरंजन राय, रामलोचन राय, राम उदित राय और दशरथ तांती समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, पूर्व दुर्गा समिति अध्यक्ष सुधीर कुमार का मार्गदर्शन भी आयोजन समिति को प्राप्त हो रहा है। समिति के सदस्यों के अथक प्रयास और स्थानीय लोगों के सहयोग से 41वां भगवती महोत्सव भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है।