बेगूसराय में ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का डीएम ने लिया जायजा
निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप ईवीएम की सुरक्षा और अभिलेखों के संधारण पर दिया जोर
बेगूसराय। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने शनिवार को बेगूसराय स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा, रख-रखाव और अन्य संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही निर्वाचन से जुड़े अभिलेखों के संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण और सुरक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक प्रावधानों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ईवीएम की सुरक्षा और रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी अनुपालन तथा सभी आवश्यक अभिलेखों को सुव्यवस्थित तरीके से संधारित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सामग्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है।
इस मासिक निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।