आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन का मिलन’, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
जहानाबाद : मखदुमपुर प्रखंड के धरनई हरिजन टोला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-215 में बुधवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, विधायक सुबेदार दास, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और जिला अध्यक्ष धीरज कुमार शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों ने स्वागत गीत और कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्कूल-पूर्व शिक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका पर जोर दिया गया। अनिल कुमार ने कहा कि बच्चों के प्रारंभिक विकास और उन्हें आगे की शिक्षा के लिए तैयार करने में आंगनवाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सुबेदार दास ने कहा कि खेल और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने, प्रतिभा प्रदर्शित करने और समूह में सहभागिता की क्षमता विकसित होती है।
इस दौरान बच्चों के लिए ECCE आधारित सहज संवाद, कहानी-कविता, समूह खेल, मिलान एवं पहचान और भाषा-विकास जैसी गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने उत्साह के साथ इनमें भाग लिया।
सेविका-सहायिका द्वारा स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार पोषण टेबल का अतिथियों ने अवलोकन किया। माताओं को बच्चों के ऊपरी आहार, संतुलित भोजन और उचित पोषण की जानकारी दी गई। केंद्र पर गोदभराई और अन्नप्राशन की गतिविधियां भी आयोजित हुईं।
‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत अतिथियों ने बच्चों के साथ केक काटा। इसके बाद बच्चों के बीच फल, मिठाई और शैक्षणिक खिलौने वितरित किए गए। केंद्र की सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ता को बेहतर सेवाओं के लिए सम्मान-पत्र एवं आभार-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता, माताएं, अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे।