प्रेस विज्ञप्ति
स्थान : नालंदा
दिनांक–17 अक्टूबर 2026
जिला जनसंपर्क कार्यालय, नालंदा
दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी एवं एसपी ने कंट्रोल रूम और सर्विलांस सेंटर का किया संयुक्त निरीक्षण
• बिहारशरीफ के 422 सर्विलांस कैमरों से 24×7 निगरानी
• कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को सजगता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश
बिहारशरीफ (नालंदा)। दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत ने बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी भवन स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) तथा समाहरणालय स्थित नियंत्रण कक्ष का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, नालंदा सुश्री सारा अशरफ, नगर आयुक्त श्री कृत्यानंद रंजन सहित जिले के अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ICCC स्थित सर्विलांस सेंटर में लगे कैमरों के माध्यम से शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, प्रमुख मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थलों की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। कैमरों के सुचारु संचालन, महत्वपूर्ण लोकेशन से लाइव फुटेज की उपलब्धता तथा कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही तस्वीरों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में स्थापित 422 सर्विलांस कैमरों के माध्यम से 24×7 निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर समय रहते नजर रखी जा सके और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
समाहरणालय स्थित नियंत्रण कक्ष एवं स्मार्ट सिटी भवन के ICCC में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति, पालीवार ड्यूटी रोस्टर तथा उनके कार्यों की भी समीक्षा की गई। सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूरी सजगता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखते हुए टीम भावना से कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को संबंधित पदाधिकारियों तक शीघ्र पहुंचाने, एक-दूसरे को लगातार अपडेट रखने तथा किसी भी प्रकार की असमंजस की स्थिति में वरीय पदाधिकारियों से संपर्क करने को कहा गया।
दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस बल एवं अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक इंतजामों की भी जानकारी ली गई। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 से ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी, जिससे प्रमुख स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा सके।
बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट सिटी भवन स्थित ICCC के अतिरिक्त नालंदा समाहरणालय, लहेरी थाना एवं सोहसराय थाना में भी नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। इन सभी नियंत्रण कक्षों में दिनांक 16 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक पालीवार दंडाधिकारी एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
दुर्गा पूजा के दौरान आमजनों की सहायता के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 18003456323 जारी किया गया है। वहीं, स्मार्ट सिटी ICCC नियंत्रण कक्ष का संपर्क नंबर 06112-240100 है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी एवं संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Police
नालन्दा पुलिस
Bihar Sharif Nagar Nigam
1 views | Nalanda, Bihar | Oct 17, 2026