प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा।
................................
नालंदा में वज्रपात सुरक्षा एवं जन-जागरूकता हेतु एल०ई०डी० युक्त वाहनों (वज्रपात सुरक्षा रथ) को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
बिहारशरीफ, 16 अक्टूबर 2026: नालंदा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में जिले में वज्रपात (आकाशीय बिजली) से होने वाली जन-धन की हानि को न्यूनतम करने एवं आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष सघन जागरूकता अभियान की शुरुआत की जा रही है।
इसी क्रम में श्रीमती उदिता सिंह,जिला पदाधिकारी, नालंदा द्वारा समाहरणालय परिसर से 3 सुसज्जित एल०ई०डी० युक्त वज्रपात सुरक्षा रथों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न पंचायतों के लिए रवाना किया गया।
जन जागरुकता कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं:
• 72 संवेदनशील पंचायतों में भ्रमण: यह वज्रपात सुरक्षा रथ अगले 12 दिनों तक नालंदा जिले के सभी 20 प्रखंडों की 72 संवेदनशील पंचायतों का भ्रमण करेंगे।
• एल०ई०डी० स्क्रीन व वीडियो के माध्यम से जागरूकता: वाहनों में स्थापित उच्च गुणवत्ता वाले P6 LED स्क्रीन एवं साउंड सिस्टम के माध्यम से ग्रामीणों को वज्रपात से बचाव, सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
• आपदा मित्रों की तैनाती: प्रत्येक वाहन के साथ 2 प्रशिक्षित आपदा मित्र मौजूद रहेंगे, जो गांव-गांव में पम्पलेट वितरण करेंगे एवं मॉकड्रिल के माध्यम से सुरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे।
• सचेत ऐप का प्रचार: ग्रामीणों को अपने मोबाइल में वज्रपात की पूर्व चेतावनी देने वाले 'सचेत' ऐप को डाउनलोड करने एवं उपयोग करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी (ADMO) द्वारा बताया गया कि अभियान के पारदर्शी एवं सुचारू संचालन हेतु वाहनों की लाइव ट्रैकिंग जिओ-टैग्ड वेबसाइट डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी। इससे वाहनों की वास्तविक स्थिति (लाइव लोकेशन) का समय-समय पर पता चलता रहेगा तथा स्थल से लाइव फोटोग्राफ्स भी प्राप्त होते रहेंगे।
इस अवसर पर श्री राजीव रंजन कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, नालंदा, श्री रंजन कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), नालंदा एवं सुश्री निहारिका सिन्हा, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी (ADMO), नालंदा सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण भी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, नालंदा सभी नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करता है कि इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और वज्रपात से बचाव के उपायों को अपनाकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
अधिक जानकारी के लिए:
ईमेल आईडी: aapda.nalanda@gmail.com
मोबाइल नंबर: 8789858336 (जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, नालंदा 24*7)
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Disaster Management Department Govt. of Bihar
Bsdma
1 views | Nalanda, Bihar | Oct 16, 2026