शासकीय कन्या महाविद्यालय में जनजातीय गौरव गाथा का किया गुणगान
________________
भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और अदम्य साहस से छात्राओं को कराया परिचित
________________
जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जनजातीय समाज के योगदान को किया रेखांकित
________________
खरगोन 16 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में ‘जनजातीय गौरव गाथा का गुणगान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, अदम्य साहस और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव ने की। उन्होंने मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि का परिचय कराया तथा भगवान बिरसा मुंडा के पराक्रम और समाज के प्रति उनके योगदान से उपस्थित छात्राओं को अवगत कराया।
मुख्य वक्ता श्री कालूसिंह मंडलोई, जिला सचिव वनवासी कल्याण परिषद एवं जन अभियान परिषद के भीकनगांव-कसरावद विकासखंड समन्वयक ने भगवान बिरसा मुंडा की जीवनगाथा, उनके अदम्य साहस और विभिन्न आंदोलनों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा विद्वान होने के साथ ही आध्यात्मिक रूप से भी विशेष उपलब्धियों के धनी थे। उन्होंने श्री आनंद पांडेय के सानिध्य में कई सिद्धियां प्राप्त की थीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा पर्यावरण के प्रति भी अत्यंत संवेदनशील थे। जनजातीय गौरव दिवस तभी सार्थक होगा, जब हम समाज के लिए कुछ सकारात्मक कार्य करें। उन्होंने सभी से अपने घर, गांव और खेतों में वर्षाकाल के दौरान 2 से 5 पौधे लगाने का आह्वान किया, ताकि पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें।
मुख्य अतिथि श्री कालूराम पथरोड, जिला अध्यक्ष वनवासी कल्याण परिषद एवं सरस्वती विद्या मंदिर, तिलक पथ में प्राचार्य ने भगवान बिरसा मुंडा के ‘धरती आबा’ से ‘भगवान’ तक के प्रेरणादायी सफर पर प्रकाश डाला। उन्होंने उन्हें जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का रक्षक बताते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जब-जब जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की बात आई है, तब-तब आदिवासी समाज ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इतिहास में अनेक जनजातियों ने इनके संरक्षण के लिए उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र मालिवाड़ ने किया तथा आभार डॉ. मोनिका चौहान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone #जनजातीय_गौरव_दिवस