शासकीय विधि महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया स्मरण
________________
विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों एवं विधिक संरक्षण के प्रति किया जागरूक
________________
पोस्टर, रंगोली, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
________________
खरगोन 16 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान तथा संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से जनजातीय समुदायों के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, समानता एवं विधिक संरक्षण के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक श्री पी.एस. रावत ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा द्वारा अंग्रेजी शासन एवं शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध किए गए ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके संघर्ष की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण, रंगोली, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर निर्माण में छात्र राजेन्द्र जमरे ने सहभागिता की। रंगोली प्रतियोगिता में रानू भालसे, चांदनी डावर, नसीरीन शेख एवं प्राची पाटीदार ने भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में नितिका पाटीदार, मीनाक्षी वर्मा, हिमानी वर्मा, नंदनी कौशल, इराम शेख एवं श्रेयांशी अमोदे तथा भाषण प्रतियोगिता में शिवानी पंचोले एवं दीपक पांडे ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी श्री सत्यम निंगवाल ने किया तथा आभार डॉ. पी.एल. जमरा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के श्री चन्द्रभान त्रिवेदी, सुश्री तृप्ति जायसवाल, सुश्री तृप्ति सोनी, सुश्री शिवांगी निराले, श्री राजेश बालके, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #जनजातीय_गौरव_दिवस