न्यायोत्सव विधिक सप्ताह के तहत विद्यार्थियों को दी गई कानूनी अधिकारों की जानकारी
________________
निबंध, चित्रकला, नाटक और क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जागरूक
________________
बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर विद्यार्थियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
________________
खरगोन 15 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर द्वारा 15 से 20 नवंबर तक ‘न्यायोत्सव : विधिक सप्ताह’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
आयोजित जागरूकता शिविरों में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजकुमार चौहान ने विद्यार्थियों को नालसा की बाल मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाओं, बच्चों के कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा तथा निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह की उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, साइबर सुरक्षा और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।
इसी क्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल शोषण की रोकथाम तथा निःशुल्क कानूनी सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडलेश्वर में नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री राजकुमार चौहान तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों की उपस्थिति में प्रतियोगिता संपन्न हुई।
इसी तरह शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडलेश्वर में ‘सुलभ एवं सहज न्याय व्यवस्था में संवैधानिक अधिकार और बाल कल्याण’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस दौरान जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री राजकुमार चौहान तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने छात्राओं से सीधे सवाल पूछे और सही उत्तर देने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री राजकुमार शर्मा, श्री दीपक चौबे सहित विद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। न्यायोत्सव विधिक सप्ताह के अंतर्गत निबंध, चित्रकला, नाटक एवं क्विज जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, संविधान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
#JansamparkMP #khargone