अंकित हत्याकांड: एनकाउंटर में शूटर मोहित और सुमित की मौत की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम शामली ने दिए आदेश
Shamli News: शामली के बंतीखेड़ा गांव निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त को चार शूटरों ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने एनकाउंटर में दो शूटरों को ढेर कर दिया था, दो शूटर सत्यम और आर्यन फरार हैं। एसडीएम सदर को एनकाउंटर की जांच सौंपी गई है।
थाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और अंकित की हत्या के आरोपियों के बीच मुठभेड़ में सुमित व मोहित की मौत के मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी। डीएम के आदेश पर जांच के लिए उप जिलाधिकारी (सदर) शामली को नामित किया गया है।
26 अगस्त को शहर के नाला पटरी के पास हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 31 अगस्त को सोनीपत के शार्प शूटर और एक-एक लाख रुपये के इनामी मोहित और सुमित को मुठभेड़ में मार गिराया था। हत्याकांड को चार शूटरों ने अंजाम दिया था। शूटर सत्यम और आर्यन फरार हैं।
डीएम आलोक यादव ने बताया कि एनकाउंटर में आरोपियों के मारे जाने की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उक्त घटना के संबंध में किसी व्यक्ति के पास कोई जानकारी हो तो वह 14 अक्तूबर तक किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उप जिलाधिकारी (सदर), शामली में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा सकता है।
आरोपी भूपेंद्र ढींगरा के बारे में मिली अहम जानकारी
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को गुरुग्राम के गायक भूपेंद्र ढींगरा के बारे में अहम जानकारी हाथ लगी है। पुलिस के अनुसार, अंकित की हत्या के बाद हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए भूपेंद्र का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। एसपी नरेंद्र प्रताप का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
वहीं अंकित के परिजनों और समाज के लोगों ने कई बाद बैठक व पंचायत की है। उनकी मांग है कि दोनों शूटरों के अलावा हत्याकांड की साजिश में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। अंकित के पिता सतबीर फौजी ने कहा कि उनके बेटे पर 18 गोलियां चलाकर हत्या की गई, हत्यारों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
Baghpat, Bagpat | Sep 15, 2026