जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों का लिया जायजा
आगामी बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन लखीसराय द्वारा चुनावी तैयारी की जा रही है l
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पम्मी रानी सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर परिषद लखीसराय एवं प्रखंड कार्यालय परिसर, लखीसराय का निरीक्षण किया।
इस दौरान कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु निर्धारित स्थलों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मतदान/निर्वाचन कार्य से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं, वाहनों की उपलब्धता, अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाओं, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
ज्ञातव्य है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की घोषणा की जा चुकी है तथा मतदान की तिथि 23 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु माइक्रो-ऑब्जर्वर को प्रशिक्षण हेतु भी चिह्नित किया गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया।