जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय
बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित
आज दिनांक 06.10.2026 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की घोषणा के उपरांत निर्वाचन प्रक्रिया को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में माइक्रो ऑब्जर्वरों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 15 माइक्रो ऑब्जर्वरों ने भाग लिया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों, उनके दायित्व एवं कर्तव्यों तथा मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी माइक्रो ऑब्जर्वर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ करें तथा मतदान केंद्र पर होने वाली प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखें।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि बिहार विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन में मतदान मतपत्र एवं मतपेटी के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराया जाएगा। मतदाता द्वारा किसी अभ्यर्थी के नाम के सामने केवल निशान लगाने के बजाय अपनी पसंद के अभ्यर्थियों को अधिमान्य क्रमांक प्रदान करना होगा। मतदान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष बैंगनी स्केच पेन का ही प्रयोग किया जाएगा। मतपत्र पर मतदान की प्रक्रिया एवं मतपत्र की वैधता से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी जानकारी दी गई।
माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतपेटी की प्रक्रिया, मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाओं, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तत्काल संबंधित पदाधिकारी को सूचित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में निर्धारित मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान दिवस पर अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि माइक्रो ऑब्जर्वरों का द्वितीय प्रशिक्षण 13.10.2026 तथा तृतीय प्रशिक्षण 22.10.2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित किया जाएगा। निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पम्मी रानी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यलय विश्वजीत प्रसाद सिंह, जिला जन संपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, माइक्रो ऑब्जर्व्स एवं कर्मचारी उपस्थित रहे