#नालंदा - हरनौत बाजार में हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाई समेत तीन युवक की हुई मौत, दो युवक गंभीर रूप से हुए जख्मी
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
नालंदा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने निकल कर आ रही है जहां हरनौत बाजार में दीपावली के कुछ दिन ठीक पहले खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में मंगलवार की रात्रि को दो सगे भाई समेत तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना हरनौत थाना क्षेत्र के हरनौत बाजार स्थित सरकारी अस्पताल के पास नेशनल हाईवे 20 पर हुई है। वही मृतकों की पहचान हरनौत बाजार के गोनावा रोड निवासी प्रदीप कुमार जायसवाल के 12 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार,एवं 16 वर्षीय अभीमन्नू कुमार,और सबनाहुआ डीह निवासी स्वर्गीय विलास यादव के 25 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है। वहीं जख्मी अमित कुमार और रवि कुमार का इलाज बिहारशरीफ सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह एवं स्थानी मुकेश कुमार और परिजन ने बताया कि सभी युवक घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखे खत्म होने के बाद पांचों युवक मोटरसाइकिल से पटाखे खरीदने हरनौत बाजार गए थे। इसी दौरान वे भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में मारे गए अभीमन्नू कुमार और अनीश कुमार आपस में सगे भाई हैं। वहीं जख्मी रवि कुमार की शादी आगामी 21 नवंबर को होने वाली थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वही घटना के संबंध में सदर डीएसपी 2 राकेश कुमार रंजन ने बताया कि डिवाइडर से टकराने के दौरान हादसे में मौत हुई है। शव की पोस्टमार्टम करने के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
Rahui, Nalanda | Nov 4, 2026