#नालंदा - रहूई प्रखंड क्षेत्र में स्थित मोरा तालाब छठ घाट का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी और गोताखोरों की व्यवस्था समय पर पूरी करने का दिया निर्देश
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नालंदा की जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बुधवार को रहुई प्रखंड के देव नगरी मोरा तालाब स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाट पर श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाट की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी की व्यवस्था, घाट तक पहुंचने वाले रास्ते, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिलाधिकारी ने घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और नियंत्रण कक्ष की प्रभावी व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखने का निर्देश दिया।
इस मौके पर स्थानीय निवासी विक्की सिंह ने बताया कि देव नगरी मोरा तालाब में प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने स्वयं घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, एडीएम, एसडीएम किशलय श्रीवास्तव, डीएसपी सदर-2 राकेश रंजन, अंचलाधिकारी राजकमल, थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं स्थानीय स्तर पर विक्की सिंह, अमन सिंह, अंकित सिंह और अजय सिंह भी उपस्थित थे।
Rahui, Nalanda | Nov 5, 2026