कोटा ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई: मादक पदार्थ तस्करी के दो फरार आरोपी गिरफ्तार
सुकेत थाना पुलिस ने दबोचे डोडा और गांजा तस्करी के मामलों में वांछित आरोपी, लंबे समय से चल रहे थे फरार
कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सुकेत थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसूचना संकलन और लगातार प्रयासों के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से संबंधित प्रकरणों में पुलिस अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि थाना सुकेत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डोडा तस्करी मामले में 9 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार
15 फरवरी 2026 को मोडक थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 किलो डोडा चूरा और एक वाहन जब्त किया था। इस संबंध में प्रकरण संख्या 49/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
प्रकरण में जरनेल सिंह और संजू मजहबी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि आरोपी शंकर सिंह घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गांजा तस्करी के मामले में दूसरा आरोपी दबोचा
7 नवंबर 2026 को रामगंजमंडी थाना पुलिस ने 1 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद कर आरोपी भंवर सिंह को गिरफ्तार किया था। इस मामले में प्रकरण संख्या 404/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
मामले में भंवर सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था, जबकि मुकेश कुमार बैरागी फरार चल रहा था। सुकेत थाना पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
विशेष टीम ने जुटाई जानकारी, आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी रामगंजमंडी ओमप्रकाश बिश्नोई के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी सुकेत महावीर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम ने लगातार प्रयास और आसूचना संकलन के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
शंकर सिंह (26): पुत्र भगवान सिंह, निवासी कुम्हार मोहल्ला, तिसाई, थाना डग, जिला झालावाड़।
मुकेश कुमार बैरागी (36): पुत्र कचरूदास, निवासी डाबला मनोहर, थाना भानपुरा, जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से संबंधित मामलों में आगे की जांच जारी है।
Ladpura, Kota | Nov 28, 2026