कोटा ग्रामीण में अवैध हथियार पर पुलिस का शिकंजा, देशी पिस्टल के साथ 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार
सिमलिया पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, सांगोद क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
कोटा। कोटा ग्रामीण में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिमलिया थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि जिले में चोरी, नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के साथ मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त एवं परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 26 नवंबर 2026 को सिमलिया थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने आकाश पुत्र हरगोविंद, उम्र 25 वर्ष, निवासी डाबरी खुर्द, थाना सांगोद, जिला कोटा ग्रामीण को एक अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ थाना सिमलिया में प्रकरण संख्या 188/26 दर्ज कर धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण के सुपरविजन और पुलिस उप अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई थी। कार्रवाई सिमलिया थानाधिकारी नन्द सिंह पुनिया के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने अंजाम दी।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में सिमलिया थानाधिकारी नन्द सिंह पुनिया, पुरुषोत्तम सड़ीन, दायादत्ता कांस्टेबल 1052, जितेन्द्र कांस्टेबल 1123 और दोलतराम कांस्टेबल 957 (चालक) शामिल रहे।
डीएसटी टीम की ओर से रविकान्त हैड कांस्टेबल 862 और मोर मुकुट हैड कांस्टेबल 854 ने कार्रवाई में भाग लिया। पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, इस कार्रवाई में रविकान्त हैड कांस्टेबल 862 की विशेष भूमिका रही।
कोटा ग्रामीण पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
Ladpura, Kota | Nov 28, 2026