यूपीआई भुगतान पर चार्ज के विरोध में कांग्रेस का जागरूकता अभियान
गांधीनगर बाजार में व्यापारियों से संवाद, जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी बोले—अतिरिक्त शुल्क से बढ़ेगा आर्थिक बोझ।
बस्ती। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को गांधीनगर बाजार में व्यापारियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाए जाने के प्रस्तावित प्रावधान के विरोध में व्यापारियों को इसके संभावित प्रभावों से अवगत कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान आज छोटे-बड़े व्यापारियों, पटरी दुकानदारों और आम नागरिकों के लिए लेनदेन का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
अभियान के बाद जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित के सवालों को लेकर संवेदनहीन रवैया अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम नागरिकों और छोटे कारोबारियों पर यूपीआई भुगतान में अतिरिक्त चार्ज का बोझ डालना उचित नहीं होगा। इससे व्यापारियों की लागत बढ़ने के साथ ही आम उपभोक्ताओं पर भी इसका असर पड़ सकता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, डा. दीपेंद्र सिंह, डा. वाहिद अली सिद्दीकी और शहर अध्यक्ष शौकत अली नन्हू ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था रोजमर्रा के कारोबार का जरूरी हिस्सा बन चुकी है। डिजिटल भुगतान से जुड़े शुल्क में वृद्धि होने पर छोटे व्यापारियों और पटरी दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। उन्होंने सरकार से डिजिटल भुगतान पर किसी भी अतिरिक्त शुल्क के निर्णय को वापस लेने की मांग की।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता विद्युत को ज्ञापन सौंपने तथा यूपीआई भुगतान में चार्ज लगाए जाने के मुद्दे को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियान में ई. राज बहादुर निषाद, अमरदेव सिंह, शिव विभूति मिश्र, संजीव त्रिपाठी, शेर मोहम्मद, राहुल चौधरी, सर्वेश शुक्ल, सोमनाथ संत, फजले आजम, लालजीत पहलवान, शोभित चौधरी, नीशान्त श्रीवास्तव, आनन्द निषाद, रामचन्द्र चौहान, चन्द्र प्रकाश सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Basti, Basti | Sep 18, 2026