कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशन में कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि अभियांत्रिकी तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग शिवपुरी द्वारा गुरूवार को विकासखंड नरवर के ग्राम नरौआ में संयुक्त कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी के माध्यम से किसानों को नरवाई अथवा पराली नहीं जलाने के प्रति जागरूक किया गया और फसल अवशेष प्रबंधन के प्रभावी तरीकों की तकनीकी जानकारी दी गई।
प्रदेश में 20 नवंबर तक संचालित मध्य प्रदेश नरवाई मुक्त अभियान के क्रम में यह संगोष्ठी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य किसानों को खेतों में नरवाई जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करना और पर्यावरण एवं भूमि की उर्वरता को सुरक्षित रखते हुए नरवाई के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
संगोष्ठी में पराली प्रबंधन के यांत्रिक तरीकों के अंतर्गत सुपरसीडर, हैप्पी सीडर, जीरो टिल मशीन और मल्चर की उपयोगिता के बारे में बताया गया। जैविक तकनीकों में बायोडाइजेस्टर के माध्यम से नरवाई/पराली के अपघटन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। वहीं, प्रगतिशील किसान श्री परविंदर रावत के समन्वय में सुपरसीडर के प्रदर्शन के जरिए फसल अवशेषों में रबी फसलों की बुवाई का जीवंत प्रदर्शन किया गया तथा बायोडाइजेस्टर के संबंध में भी प्रदर्शन के लिए सामग्री दी गई।
इस संयुक्त कृषक संगोष्ठी में 50 से अधिक कृषकों की सहभागिता रही। आयोजन में कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. एम.के. भार्गव, कृषि अभियांत्रिकी से डॉ. भगवान सिंह नरवरिया एवं उपसंचालक कृषि श्री मुनेश कुमार शाक्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही कृषि महाविद्यालय ग्वालियर से आए रावे छात्रों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
आगे की कार्रवाई व किसानों से अपील
नरवाई मुक्त अभियान के अंतर्गत किसानों से नरवाई न जलाने तथा यांत्रिक एवं जैविक माध्यमों से फसल अवशेषों का सुरक्षित प्रबंधन अपनाने की अपील की गई, ताकि आगामी फसल बुवाई और मिट्टी की सेहत दोनों बेहतर बनी रहें।
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#shivpuri
11 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026