सावन में गंगाजल लेकर निकले कांवड़ियों की सेवा में जुटा मुरैना, नेशनल हाईवे-44 पर गूंज रहा भोलेनाथ का जयकारा.
सावन का पावन महीना शुरू होते ही गंगा जी से कांवड़ में पवित्र जल भरकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की यात्राएं शुरू हो गई हैं। कांवड़ यात्रियों की सेवा को लेकर मुरैना में भी सेवा भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री शिव सेवक दिल्ली शाखा मुरैना के अध्यक्ष महेश कुमार पाठक के नेतृत्व में कांवड़ सेवा संघ ने नेशनल हाईवे-44 स्थित पलाश ढाबे पर 2 अगस्त से कांवड़ सेवा शुरू कर दी है।
सेवा शिविर में दूर-दराज से गंगाजल लेकर पैदल और वाहनों से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, चाय, पानी और नाश्ते की व्यवस्था पूरी तरह निशुल्क की गई है। लंबी यात्रा से थके श्रद्धालुओं के लिए विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही किसी कांवड़ यात्री की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल मदद के लिए चिकित्सा सुविधा भी शिविर में मौजूद है।
कांवड़ियों की सेवा में जुटे सेवादार श्रद्धालुओं को भोजन-पानी उपलब्ध कराने के साथ उनके विश्राम और स्वास्थ्य का भी ध्यान रख रहे हैं। सेवा का यह सिलसिला 12 अगस्त तक निरंतर जारी रहेगा। शिविर में पहुंच रहे कांवड़ यात्री सेवा व्यवस्था की सराहना करते हुए हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगा रहे हैं।
#मुरैना #morena