ईद के दिन ग्वालियर से मुरैना मछली पकड़ने आए दो युवक आसन नदी में डूब गए!👇🏻
घटना माता बसैया थाना क्षेत्र में भूमिया मंदिर के पास बुधवार दोपहर 3:30 की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाकर नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। देर शाम अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा। अब गुरुवार सुबह दोबारा दोनों युवकों की तलाश शुरू की जाएगी।
पुलिस के अनुसार डूबने वाले युवकों की पहचान अशोक पुत्र बप्पा खान (30) और इरशाद पुत्र सलामत खान (25) के रूप में हुई है। दोनों ग्वालियर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर निवासी बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक ग्वालियर से आसन नदी पहुंचे थे। कुछ लोगों के अनुसार वे नदी में मछली पकड़ने आए थे। हालांकि दोनों युवक यहां किस उद्देश्य से आए थे, इसकी पुलिस जांच कर रही है। नदी में उतरने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम को बुलाया। टीम ने नदी में उतरकर दोनों युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
डीएसपी मुख्यालय विजय भदौरिया ने बताया कि अंधेरा होने के कारण नदी में रेस्क्यू करने में परेशानी आ रही थी। इसी वजह से बुधवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। गुरुवार सुबह रोशनी होने के बाद एसडीआरएफ टीम दोबारा नदी में उतरकर दोनों युवकों की तलाश करेगी।