#बालाघाट
लालबर्रा महाविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं समय प्रबंधन विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के परिपालन में शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा में विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं समय प्रबंधन विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय प्रबंधन के महत्व को समझाना था।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगीता मेश्राम के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार भिमटे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन कर्तल ध्वनि के साथ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार भिमटे ने कहा कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सामंजस्य स्थापित करते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर कार्य पूर्ण करने और सकारात्मक कार्यशैली अपनाने से तनाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है तथा मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है।
मुख्य अतिथि प्रो. सुखचन्द ऐड़े, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जटाशंकर त्रिवेदी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट ने अपने उद्बोधन में सकारात्मक सोच, धैर्य एवं आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी बौद्धिक क्षमता के अनुरूप कार्य करने तथा अनावश्यक तनाव से बचने की सलाह दी। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगीता मेश्राम ने कहा कि शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए सदैव सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों में संलग्न रहना चाहिए। उन्होंने योग एवं प्राणायाम को मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए नियमित अभ्यास करने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अहिरवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती भूमेश्वरी ठाकरे द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. निर्मल कीर्ति गेडाम, डॉ. देवराज चैरे, श्रीमती संध्या भलावे, डॉ. आशा कारे, श्रीमती अनिभा शरणागत, डॉ. आरती विश्वकर्मा, श्री व्यंकट नागपुरे, श्रीमती सरिता ऐड़े, श्री पीतम मुरते, श्रीमती वंदना कुर्वे, श्री मिनेश पंचेश्वर, श्री निशांत तलवरे सहित महाविद्यालय के स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
#CMMadhyaPradesh #schooleducation #JansamparkMP
12 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 22, 2026