लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजार में खरीदारी का दौर जारी है. इसी बीच रविवार की सुबह सूर्यगढ़ा बाजार के सलेमपुर रोड स्थित राजा बाजार में बिजली के पोल पर लगे बॉक्स में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गयीं और पोल पर लगे कवर वायर गर्म होकर पिघलने लगे. इस दौरान जलते हुए तारों के टुकड़े आग के गोलों की तरह नीचे गिरने लगे. घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी.
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बिजली के पोल पर लगे बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी. बॉक्स से धुएं का गुबार उठने लगा और आग की लपटें तेज हो गयीं. हालांकि, राजा बाजार का यह इलाका मुख्य बाजार की अपेक्षा कम चहल-पहल वाला है. जिस समय घटना हुई, उस दौरान आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित थी. इसके बावजूद पोल से जलते हुए तारों के टुकड़े गिरने से दुकानदारों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों में भय का माहौल बन गया. लोगों को आशंका थी कि बिजली प्रवाहित तार टूटकर सड़क पर गिरा तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है.घटना की सूचना मिलने पर सूर्यगढ़ा थाना से अग्निशमन वाहन को मौके पर भेजा गया. हालांकि, अग्निशमन वाहन के पहुंचने से पहले ही आग काफी हद तक नियंत्रित हो चुकी थी. वहीं, पावर सबग्रिड को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद करायी गयी, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने में मदद मिली.
स्थानीय लोगों का कहना था कि घटना मुख्य बाजार के किसी अधिक भीड़भाड़ वाले हिस्से में होती तो जान-माल का नुकसान हो सकता था. छठ पर्व के दौरान हुई इस घटना ने बिजली के पोल पर लगे बॉक्स और तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत को उजागर किया है.