#Balrampur ! डीएम ने किया राजकीय जिला पुस्तकालय का कायाकल्प निरीक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से किया संवाद...
₹20 लाख की लागत से बदला पुस्तकालय का स्वरूप, युवाओं के लिए बना पढ़ाई का बेहतर केंद्र
#बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को जाना।
जिलाधिकारी के निर्देशन में 'क्रिटिकल गैप फंड' से स्वीकृत ₹20 लाख की धनराशि से जिला पुस्तकालय का कायाकल्प किया गया है। अब यहाँ विद्यार्थियों को शांत वातावरण, आधुनिक फर्नीचर, बैठने की मुकम्मल व्यवस्था और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अद्यतन अध्ययन सामग्री एक ही छत के नीचे मिल रही है।
निरीक्षण के दौरान छात्रों को प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा, "हमारा उद्देश्य युवाओं को एक सकारात्मक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों या आर्थिक तंगी के कारण किसी भी मेधावी का भविष्य न रुके। विद्यार्थी समय प्रबंधन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।"
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की मांग के अनुसार नई और उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता लगातार बढ़ाई जाए तथा परिसर के रखरखाव का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव और खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।