गोविंद गौशाला मुरैना में गोवर्धन पूजा के साथ आयोजित हुआ गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार समारोह
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav ने भोपाल से डीबीटी के माध्यम से प्रतिभागियों को वितरित की पुरस्कार राशि
जिला पंचायत सीईओ श्री कमलेश कुमार भार्गव ने गौपूजन कर प्रतिभागियों को शाल-श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल स्थित रविन्द्र भवन से गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से नगद पुरस्कार राशि वितरित की। इस अवसर पर प्रदेश की 208 विधानसभा क्षेत्रों के वृंदावन ग्रामों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मुख्यमंत्री के उद्बोधन एवं पुरस्कार वितरण का सीधा प्रसारण किया गया। मुरैना में भी पशुपालकों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखा।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में गोविंद गौशाला, मुरैना में गोवर्धन पूजा एवं गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा एवं गौपूजन किया। इसके पश्चात गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के प्रतिभागियों को शाल, श्रीफल, माला एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंतर्गत पशुपालक संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. एन.पी. शर्मा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से पशुपालकों को अवगत कराते हुए आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उन्नत पशुपालन तकनीकों एवं बेहतर प्रबंधन के माध्यम से पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि की जा सकती है।
कार्यक्रम में गोविंद गौशाला के अध्यक्ष श्री तुलसीराम सिंघल, सचिव श्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष श्री हरिओम अग्रवाल तथा सदस्य श्री धर्मेंद्र गांधी एवं श्री मनोज सिंघल विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पंकज गुप्ता ने किया। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh #goverdhanpuja #goverdhanparikrama #goverdhangirdhari