मसूरी में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंककर एसडीएम के माध्यम से भेजा ज्ञापन
एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से वोट काटने का लगाया आरोप
मसूरी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर मसूरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर मतदाताओं के वोट काटकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया और एसडीएम के माध्यम से राश्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में कार्यकर्ता पिक्चर पैलेस चौक पर एकत्रित हुए। यहां उन्होंने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला आग के हवाले किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपेंद्र थापली, सुशांत बोहरा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसवीर कौर और जिलाध्यक्ष संजय किशोर व षहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा के हाथों की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर वोट चोरी की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एक अखबार में प्रकाशित खुलासे से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और लिए गए निर्णयों पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक नियमों की अनदेखी कर एकतरफा फैसले लिए जा रहे हैं, जिस पर दो निर्वाचन आयुक्तों ने भी नाराजगी जताई है।
नेताओं ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। यदि मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता नहीं रहेगी तो आम नागरिकों के मताधिकार पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने मांग की कि ज्ञानेश कुमार तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 30, 2026