बोकारो पुलिस लाइन में तैनात एएसआई का क्वार्टर से मिला शव, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-2C स्थित क्वार्टर नंबर 045 से सोमवार को पुलिस लाइन में तैनात सहायक अवर निरीक्षक इमानुअल बास्की का शव बरामद किया गया। वह मूल रूप से गोड्डा जिले के रहने वाले थे। क्वार्टर से दुर्गंध आने पर आसपास के पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्वार्टर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर एएसआई इमानुअल बास्की का शव पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक और चर्चा का माहौल है।
Chas, Bokaro | Nov 23, 2026