#जिलाधिकारी ने सराहा बलिया के होनहारों का हुनर, स्वदेशी सैन्य सुरक्षा मॉडल ने राज्य में हासिल किया प्रथम स्थान
बलिया, 22 नवंबर।
जनपद के होनहार विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच और तकनीकी नवाचार के दम पर जिले का गौरव बढ़ाया है। नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर, माल्देपुर के कक्षा 10 के छात्र देवेश मणि उपाध्याय और कक्षा 12 के छात्र आदित्य मिश्रा ने संयुक्त रूप से ‘TRINETRA 1326’ नाम से स्वदेशी बहुउद्देशीय सैन्य निगरानी एवं सुरक्षा वाहन का मॉडल तैयार किया है। इस मॉडल ने विद्यालय स्तर से आगे बढ़ते हुए जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया है। अब इसका चयन अखिल भारतीय स्तर की विज्ञान प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने जनसुनवाई के दौरान अपने कार्यालय पहुंचे विद्यार्थियों से उनके नवाचार की जानकारी ली तथा उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। देवेश मणि उपाध्याय सुखपुरा निवासी डॉ. अरविंद कुमार उपाध्याय के पुत्र हैं, जबकि आदित्य मिश्रा हैबतपुर निवासी वैद्य रमेश मिश्रा के पुत्र हैं।
एक वाहन में पांच आधुनिक तकनीकों का समावेश
‘TRINETRA 1326’ मॉडल में ड्रोन डिटेक्शन एवं निगरानी प्रणाली, साउंड डिटेक्शन सिस्टम, फायर डिटेक्शन सिस्टम, ऑटोमैटिक कैमोफ्लाज तकनीक और लैंडमाइन डिटेक्शन सिस्टम जैसी पांच प्रमुख सुविधाओं को शामिल किया गया है। विद्यार्थियों ने भारत की सुरक्षा आवश्यकताओं और ड्रोन गतिविधियों से उत्पन्न चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस स्वदेशी सुरक्षा वाहन की परिकल्पना की है।
ड्रोन निगरानी प्रणाली के जरिए हवाई क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने तथा IFF (Identification Friend or Foe) तकनीक की परिकल्पना के माध्यम से अपने और अज्ञात ड्रोन के बीच अंतर पहचानने का प्रयास किया गया है। साउंड डिटेक्शन सिस्टम आसपास होने वाली गोलीबारी जैसी असामान्य तेज आवाजों का पता लगाने, जबकि फायर डिटेक्शन सिस्टम आग लगने की स्थिति में समय रहते चेतावनी देने और संबंधित अग्निशमन दल को सूचना पहुंचाने में सहायक हो सकता है।
ऑटोमैटिक कैमोफ्लाज तकनीक के तहत वाहन का रंग आसपास के वातावरण के अनुरूप बदलने की परिकल्पना की गई है। वहीं लैंडमाइन डिटेक्शन सिस्टम जमीन के नीचे मौजूद संभावित धातु आधारित खतरों का पता लगाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
विद्यार्थियों का उद्देश्य इस मॉडल को भविष्य में और अधिक उन्नत एवं व्यावहारिक बनाना है, ताकि इसका उपयोग भारतीय सेना, सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील सैन्य शिविरों की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में किया जा सके। उनका मानना है कि स्वदेशी तकनीक और विद्यार्थियों के वैज्ञानिक नवाचार देश को रक्षा तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र त्रिपाठी ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देवेश और आदित्य राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेंगे। जिला एवं राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने के बाद राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होना उनकी मेहनत, लगन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रमाण है। ‘TRINETRA 1326’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने साबित किया है कि छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी बड़े वैज्ञानिक नवाचारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकती हैं।