प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 05 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस पर महिला सशक्तिकरण कार्यालय परिसर में किया गया पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, मिशन शक्ति, श्रीमती बंदना पाण्डेय ने "एक पेड़ बेटी के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार और समाज बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उनके पालन-पोषण, शिक्षा एवं विकास पर विशेष ध्यान देता है, उसी प्रकार पर्यावरण को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने के लिए वृक्षारोपण और वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं तथा इनके बिना स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण की कल्पना नहीं की जा सकती।
श्रीमती पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण और जल संकट जैसी चुनौतियां पूरी दुनिया के सामने गंभीर समस्या बनकर उभरी हैं। इन समस्याओं से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए देशभर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। वृक्ष न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कर्मियों एवं पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा जल संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर ब्यूटी कुमारी, एमटीएस गौतम रविदास, नवीन्द्र दास सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Lakhisarai, Bihar | Jun 5, 2026