छठ महापर्व को लेकर जिला पदाधिकारी ने विभिन्न छठ घाटों एवं रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण; सुरक्षा, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
जहानाबाद ,लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया द्वारा जिले के मखदुमपुर, पलेया, सुगाँव, कनौदी, जहानाबाद, दक्षिणी एवं मीरा बिगहा सहित विभिन्न छठ घाटों तथा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छठ महापर्व की तैयारियों एवं घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त बैरिकेडिंग, संवेदनशील एवं गहरे जल वाले स्थानों की पहचान, चेतावनी संकेतक लगाने तथा पर्याप्त संख्या में गोताखोरों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों एवं संपर्क पथों की समुचित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित विद्युत आपूर्ति, चेंजिंग रूम, पेयजल एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही घाटों तक पहुँचने वाले मार्गों को सुगम एवं व्यवस्थित रखने तथा भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने पर विशेष बल दिया गया।
रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सुगम आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विद्युत सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को सभी छठ घाटों एवं संपर्क मार्गों पर खुले एवं लटकते विद्युत तारों की जाँच कर आवश्यकतानुसार इंसुलेशन, गार्ड वायरिंग तथा अन्य सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त घाटों पर पर्याप्त रोशनी एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर छठ महापर्व से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से घाटों की नियमित साफ-सफाई, बैरिकेडिंग की मजबूती, चेंजिंग रूम की पर्याप्त उपलब्धता तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने हेतु आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ जिलेवासियों की श्रद्धा एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने आमजनों से अपील की कि छठ महापर्व के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, बैरिकेडिंग के अंदर ही अर्घ्य अर्पित करें तथा घाटों पर स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।
जिला प्रशासन, जहानाबाद छठ महापर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल आयोजन हेतु प्रतिबद्ध है।