छठ घाटों का पुलिस टीम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जहानाबाद : छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीम ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन ने छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।