#आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए जनपदीय चयन ट्रायल्स आयोजित
रांसी स्टेडियम में आठ खेलों के लिए खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद पौड़ी में वर्ष 2026-27 के लिए आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश हेतु जनपदीय चयन ट्रायल्स आयोजित किए गए। रांसी स्टेडियम में 9 एवं 10 सितंबर को आयोजित ट्रायल्स में 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
चयन ट्रायल्स में फुटबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, क्रिकेट, हैंडबॉल, बॉक्सिंग एवं हॉकी में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, खेल कौशल एवं तकनीकी दक्षता का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण किया गया। जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को अब राज्य स्तरीय ट्रायल्स में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्रावासों में खिलाड़ियों को पढ़ाई के साथ बेहतर खेल प्रशिक्षण, आवश्यक सुविधाएं एवं अभ्यास का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर दिए जा रहे हैं।
Pauri, Garhwal | Sep 10, 2026