समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 08 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला पदाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश
आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, सहायक समाहर्ता बक्सर, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा बक्सर, निदेशक डीआरडीए बक्सर, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग ने बताया कि योजना के लिए चयनित संवेदक द्वारा दिनांक 15 जुलाई से कार्य में तीव्रता लाने का आश्वासन दिया गया है। ताकि अधिकाधिक लाभार्थियों के यहां सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना शीघ्रता से सुनिश्चित की जा सके। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्य निर्धारित समय सीमा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित गति से कराना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में बताया गया कि पीएम कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत बक्सर जिले के लिए 4123 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला पदाधिकारी ने लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर एवं जिला परियोजना प्रबंधक जीविका को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की सहमति प्राप्त करने का निर्देश दिया। ताकि योजना के क्रियान्वयन में अपेक्षित गति लाई जा सके।
कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर ने यह भी अवगत कराया कि विभिन्न बैंकों द्वारा योजना के अंतर्गत ऋण स्वीकृति के मामलों में अपेक्षित रुचि एवं तत्परता नहीं दिखाई जा रही है। जिसके कारण पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। जिसके आलोक में जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उप विकास आयुक्त बक्सर को निर्देश दिया कि वरीय उप समाहर्ता बैंकिंग, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर इस समस्या का समाधान सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन कराया जाए।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर आयोजित किए जाने से पूर्व प्रत्येक प्रखंड में विशेष जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर लगाए जाएं। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, बैंक ऋण, सब्सिडी एवं सोलर रूफटॉप के आर्थिक तथा पर्यावरणीय लाभों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए। ताकि अधिकाधिक पात्र परिवार इस योजना से जुड़ सकें। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका समूहों, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं विद्युत विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की साप्ताहिक समीक्षा जिला स्तर पर की जाएगी। प्रत्येक प्रखंड में प्राप्त आवेदन, बैंक ऋण स्वीकृति, सोलर रूफटॉप स्थापना एवं सब्सिडी वितरण की नियमित निगरानी की जाएगी तथा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने हेतु सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा जिले के अधिकतम पात्र परिवारों तक समयबद्ध रूप से योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #EnergyDepartment #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers Energy Department
Buxar, Bihar | Jul 8, 2026